हेमंत बृजवासी की बहुआयामी गायकी ने लोगों में भरा जोश

बृज दर्शन

मथुरा । उप्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ब्रज रज उत्सव 2022 लोगों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। चौथे दिन हेमंत बृजवासी ने अपनी बहुआयामी गायकी प्रस्तुत की। शुरुआत फिल्मी मॉडर्न गीतों से की और उसके बाद सूफियाना अंदाज वाले गाने गाए। बीच में कव्वाली की मेलोडी पेश की तो अंत ब्रजभाषा के पारंपरिक भजनों के साथ किया। इससे पहले स्थानीय कलाकारों ने भी ब्रज की संस्कृति को जीवंत करने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

शुक्रवार को धोली प्याऊ निश्चित रेलवे ग्राउंड पर आयोजित ब्रज रज उत्सव में धमार शरद विहार की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। गणेश कौशिक और साथियों की प्रस्तुतियों की सराहना हुई। कृष्ण गोपाल, नटवर शर्मा ने पखावज और मनोज ने बांसुरी की संगत दी। सुन-सुन मुरली बाजे प्रस्तुति पर दर्शक आनंदित हो गए। राजस्थान के हर प्रसाद, शिवराम, सुनीता, सविता ने गूजरी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रात में हेमंत ब्रजवासी के मंच पर आते ही दर्शक उत्साह से भर गए। हेमंत ब्रजवासी ने जिया जाए न जाए ओरे पिया रे तेरे बिना, वो भीगी भीगी यादें प्रस्तुति पर कोई भी अपने को झूमने से रोक नहीं सका। मुस्कुराने की वजह तुम हो, जिया जाए न तेरे बिना, वो लम्हे वो बाते कोई न जाने प्रस्तुत देकर समां बांध दिया। हेमंत ब्रजवासी के साथ भाई अजय और होशियार की प्रस्तुतियों की सराहना हुई। कार्यक्रम स्थल पर देररात तक दर्शक जमे रहे। कार्यक्रम बढ़ने के साथ-साथ रात भी जवां होती गई ।

Spread the love