डिजिटल प्लेटफार्म पर भाजपा ने रचा इतिहास, प्रधानमंत्री मोदी ने किया तीन करोड़ कार्यकर्ताओं से संवाद

मथुरा समाचार

मजबूत बूथ से मिलेगी मजबूत जीत – विनोद अग्रवाल

देशभर के कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री ने किया संवाद

मथुरा। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा पूरे देश में महासंपर्क अभियान चला रही है। इसी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 16 हजार संगठनात्मक मंडलों और 10 लाख बूथों पर तीन करोड़ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से संवाद किया। भोपाल के एक स्टेडियम में आयोजित हुए कार्यक्रम का प्रसारण देश के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने देखा। इस कार्यक्रम को भाजपा ने डिजिटल प्लेटफार्म पर ऐतिहासिक कार्यक्रम बताया। मथुरा महानगर के सभी मंडलों में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण चलाया गया। मथुरा वृंदावन विधानसभा एवं गोवर्धन विधानसभा के करीब 800 बूथों पर 1 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना।

होली गेट मंडल पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष एवं महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम तीन चरण में किया गया। प्रथम चरण में 26 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल में ही अल्पकालिक विस्तारकों से संवाद किया। 27 जून को दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में तीन हजार से अधिक अल्पकालिक विस्तारकों को संबोधित किया जिसमें मथुरा महानगर के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि तीसरे चरण में सभी संगठनात्मक मंडलों में प्रधानमंत्री के संवाद का प्रसारण सुना गया। इसमें सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कृष्णा नगर मंडल में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुनने के बाद महानगर महामंत्री प्रदीप गोस्वामी ने कहा कि इस अभियान के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ में अभेद्य दुर्ग की संरचना तैयार करने में जुटेगें। 23 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले घर-घर सम्पर्क अभियान और संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संपर्क किया जा रहा है। महामंत्री ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जनता को केंद्र और प्रदेश की उपलब्धियां बताकर सब जुड़ें और सबको जोडें के फॉर्मूलें पर काम करना हैं।

भाजपा मीडिया प्रभारी दीपांकर भाटिया ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए लोकसभा में विशिष्ठ लोगों से मुलाकात के लिए पदाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। संपर्क के बाद अनिवार्य रूप से फोटो नमो एप और सरल एप पर अपलोड करना है।

महानगर में हुए विभिन्न कार्यक्रम में महानगर महामंत्री राजू यादव, सुनील चतुर्वेदी, राजवीर सिंह, चंद्रपाल कुंतल, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, कार्यक्रम संयोजक रश्मि शर्मा, कुंजबिहारी चतुर्वेदी, प्रमोद बंसल, लोकेश अग्रवाल, अनीश वर्मा, विष्णु सैनी, विक्रम मुदगल, विनीत शर्मा, राजीव पाठक, खजान सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, यशपाल सिंह, पूजा चौधरी, रामकिशन पाठक, हरीश अग्रवाल, रामदास चतुर्वेदी, सुजन सिंह आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love